देश भर में हाइवे से सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए बड़ी खबर सामने आई है, जिसमें टोल प्लाजा पर वाहनों को रोककर टोल देने की व्यवस्था धीरे-धीरे खत्म होने वाली है।
केंद्रीय सरकार ने मार्च 2027 तक राष्ट्रीय राजमार्गों पर बैरियर फ्री टोलिंग व्यवस्था लागू करने का लक्ष्य बनाया है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने इसकी जानकारी साझा की है। नई व्यवस्था के तहत वाहन चालकों को टोल प्लाजा पर रुकने या बैरिकेड खोलने का इंतजाम नहीं करना पड़ेगा। वाहन जिस रफ्तार से हाइवे पर चल रहा होगा, उसी दौरान टोल की प्रक्रिया भी पूरी कर दी जाएगी, जिसके लिए फास्टैग सिस्टम के साथ ऑटोमेटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन कैमरों और एआई तकनीक का इस्तेमाल भी किया जाएगा।
कैमरे वाहन की नंबर प्लेट की पहचान करेंगे, जबकि फास्टैग के जरिए टोल शुल्क की वसूली कर दी जाएगी। बैरियर फ्री टोलिंग में हाइवे पर लगे ANPR कैमरे वाहनों की नंबर प्लेट का स्कैनिंग करेंगे, जिसके साथ फास्टैग रीडर वाहन के फास्टैग की पहचान करेगी। दोनों तकनीकों की मदद से वाहन की पहचान एवं टोल भुगतान की प्रक्रिया पूरी कर दी जाएगी। इसमें सबसे बड़ा फायदा ये होगा कि टोल प्लाजा पर लंबी कतारें और अनावश्यक रुकावट कम कर दी जाएगी।