झारखंड में डुमरी विधायक जयराम कुमार महतो और धनबाद के बरवाअड्डा थाना प्रभारी से जुड़े विवाद ने तूल पकड़ लिया है, जिस पर जयराम महतो के खिलाफ तेज कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग को लेकर झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने सख्त रुख अपना लिया है। झारखंड पुलिस एसोसिएशन की ओर से दी गई पांच दिनों की समय-सीमा पूरी होने के बाद अब चरणबद्ध आंदोलन की तैयारी की जा रही है।
दरअसल, बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार के साथ कथित तौर पर धमकी और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोपों को लेकर जयराम महतो समेत अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर दिया गया था। इसके बाद 21 अगस्त की रात थाना प्रभारी को जयराम महतो के मोबाइल से कथित तौर पर व्हाट्सऐप कॉल की गई थी, जिसमें संगठन का यह आरोप है कि बातचीत के दौरान थाना प्रभारी के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया और उन्हें धमकी भी दी गई है।
इस मामले को लेकर बरवाअड्डा थाना में 22 अगस्त को कांड संख्या 146/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई, जिसमें पुलिस एसोसिएशन के मुताबिक, मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत जयराम कुमार महतो सहित अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया है।