श्रावणी मेला 2026: देवघर में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 1060 किलो संदिग्ध पेड़ा किया नष्ट

Anand Kumar
3 Min Read

देवघर: राजकीय श्रावणी मेला 2026 के दौरान श्रद्धालुओं को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। घोरमारा क्षेत्र में चलाए गए विशेष निरीक्षण अभियान के दौरान विभिन्न पेड़ा दुकानों की जांच की गई और पहले जब्त किए गए 1060 किलोग्राम संदिग्ध पेड़ा को जेसीबी मशीन की मदद से पूरी तरह नष्ट करा दिया गया।

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया के निर्देश पर गठित टीमों ने खाद्य सुरक्षा उड़नदस्ता दल के साथ मिलकर अभियान चलाया। इस दौरान माँ दुर्गा पेड़ा भंडार, संदीप पेड़ा शॉप, पीहू पेड़ा भंडार और आशीष फास्ट फूड का निरीक्षण किया गया।

स्वच्छता और गुणवत्ता की हुई जांच

निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत दुकानों में स्वच्छता, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, निर्माण और भंडारण व्यवस्था तथा खाद्य सुरक्षा लाइसेंस से जुड़े दस्तावेजों की जांच की गई। सभी प्रतिष्ठानों को खाद्य सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ बेचने के निर्देश दिए गए।

जब्त 1060 किलो संदिग्ध पेड़ा कराया गया नष्ट

खाद्य सुरक्षा विभाग ने बताया कि ओमजी पेड़ा भंडार से पूर्व में जब्त किए गए 1060 किलोग्राम संदिग्ध पेड़ा को रविवार को विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी में नियमानुसार जेसीबी मशीन से नष्ट कराया गया। विभाग का कहना है कि यह कार्रवाई इसलिए की गई ताकि जब्त खाद्य सामग्री किसी भी स्थिति में दोबारा बाजार में न पहुंच सके।

यह भी पढ़ें – 3 अगस्त को रांची पहाड़ी मंदिर में गूंजेगा ‘बोल बम’, प्रशासन ने पूरी की तैयारियां

पूरे मेले में जारी रहेगा अभियान

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि श्रावणी मेला की पूरी अवधि के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा। मिलावटी, अवमानक या असुरक्षित खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण और बिक्री में शामिल पाए जाने वाले कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कारोबारियों और श्रद्धालुओं से अपील

विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों से केवल मानक अनुरूप एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री के निर्माण और बिक्री करने, स्वच्छता के सभी नियमों का पालन करने तथा वैध खाद्य सुरक्षा लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन कराने की अपील की है। वहीं श्रद्धालुओं और आम नागरिकों से भी अनुरोध किया गया है कि यदि कहीं मिलावटी या संदिग्ध खाद्य पदार्थों की बिक्री की जानकारी मिले तो उसकी सूचना तत्काल खाद्य सुरक्षा विभाग को दें, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।

यह भी पढ़ें – देवघर श्रावणी मेला 2026: पहली ही शाम छाया ड्रोन शो का जादू, बाबा बैद्यनाथ की डिजिटल झांकी बनी आकर्षण का केंद्र

Share This Article
Follow:
वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने एम.ए. (इतिहास), बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और एमबीए (मार्केटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। 1996 में 'प्रभात खबर', रांची से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार करियर की शुरुआत करके 'हिन्दुस्तान' और 'अमर उजाला' जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके आनंद कुमार हिन्दुस्तान, जमशेदपुर के स्थानीय संपादक भी रहे हैं। इसके अलावा The Photon News अखबार सहित Lagatar.in तथा Newswing.com जैसे डिजिटल माध्यमों में संपादक पद का दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा आनंद कुमार कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन/जनसंपर्क, प्रबंधन, सरकार/प्रशासन और मीडिया शिक्षण का भी गहन अनुभव रखते हैं। उन्होंने सरयू राय - एक नाम कई आयाम' नामक पुस्तक का संपादन भी किया है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *