मुरहू (खूंटी)। खूंटी जिले के मुरहू-पंचघाघ मार्ग पर सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार कार कुड़की नाला पुल पर अनियंत्रित होकर पहले गार्डवॉल तोड़ती हुई आगे बढ़ी, फिर हवा में उछलकर पुल के दूसरे हिस्से से टकराई और सीधे नाले में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद लोगों को कार सवारों के बचने की उम्मीद नहीं थी। हालांकि, चमत्कारिक रूप से चारों युवक सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए।
सुबह 6:50 बजे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना सोमवार सुबह करीब 6:50 बजे हुई। सूचना मिलते ही मुरहू थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे चारों युवकों को बाहर निकाला गया और प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मुरहू भेजा गया।
यह भी पढ़ें – पैसे के विवाद में दोस्त बना दुश्मन: आरआईटी मोड़ पर धारदार हथियार से हमला, CCTV में कैद हुई वारदात
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया खौफनाक मंजर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार काफी तेज रफ्तार में थी। चालक का नियंत्रण बिगड़ने के बाद वाहन ने पुल की गार्डवॉल तोड़ दी। इसके बाद कार हवा में उछलते हुए पुल के दूसरे हिस्से से टकराई और नीचे नाले में जा गिरी। हादसे का दृश्य देखकर आसपास मौजूद लोग स्तब्ध रह गए।
पुलिस ने शुरू की जांच
मुरहू थाना पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और वाहन से नियंत्रण खोना मानी जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
समय पर राहत से टला बड़ा हादसा
स्थानीय लोगों और पुलिस की त्वरित कार्रवाई के कारण चारों युवकों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे की भयावहता को देखते हुए इसे किसी चमत्कार से कम नहीं माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें – कोडरमा पुलिस की बड़ी कामयाबी, डिक्की तोड़कर जेवर चोरी करने वाला अंतर्राज्यीय गिरोह बेनकाब; पति-पत्नी समेत 3 गिरफ्तार