झारखंड में तीन बड़े मामले: धनबाद में सिलेंडर ब्लास्ट में 3 की मौत, रांची में रिफिलिंग रैकेट धराया, गिरिडीह में ट्रक पलटा

Anand Kumar
7 Min Read

Ranchi/Dhanbad/Giridih : झारखंड में गैस सिलेंडर से जुड़ी घटनाओं की एक श्रृंखला ने सुरक्षा मानकों, अवैध गतिविधियों और प्रशासनिक निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। धनबाद में कथित अवैध लोहा कटिंग के दौरान सिलेंडर ब्लास्ट से तीन युवकों की मौत हो गई, वहीं रांची में अवैध गैस रिफिलिंग नेटवर्क का खुलासा हुआ है। इधर गिरिडीह में सिलेंडरों से लदा ट्रक पलटने से अफरा-तफरी मच गई।

धनबाद: अवैध लोहा कटिंग के दौरान ब्लास्ट, तीन युवकों की मौत

धनबाद के पुटकी थाना क्षेत्र स्थित मुनीडीह इलाके में देर रात गैस सिलेंडर ब्लास्ट की घटना में आनंद कुमार, संजय यादव और अजहरुद्दीन की मौत हो गई। दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें एमडी इमामुद्दीन को रिम्स रांची रेफर किया गया है, जबकि एक अन्य घायल इलाज के दौरान अस्पताल से फरार हो गया।

परिजनों ने आरोप लगाया है कि युवकों को पैसों का लालच देकर बीसीसीएल क्षेत्र में रात के समय लोहा कटिंग जैसे जोखिम भरे काम में लगाया गया था।

सिलेंडर

आनंद को लोहा कटिंग के लिए ले गया था मुख्तार

मृतक आनंद कुमार की मां कंचन देवी ने आरोप लगाया कि मुख्तार अंसारी नाम का व्यक्ति उनके बेटे को घर से बुलाकर ले गया था। उनके अनुसार, यह व्यक्ति युवकों को पैसों का लालच देकर रात के समय बीसीसीएल क्षेत्र में लोहा कटिंग जैसे जोखिम भरे काम में लगाता था, जिसके कारण यह हादसा हुआ।

संजय यादव घर से निकला था, जली हालत में लौटा

वहीं, संजय यादव की मां मंजू देवी ने बताया कि उनका बेटा रात करीब 11 बजे घर से निकला था और जल्द लौटने की बात कही थी। देर रात वह गंभीर रूप से झुलसी अवस्था में घर पहुंचा और गैस से जलने की जानकारी दी। परिजन उसे तुरंत अस्पताल ले गए, लेकिन रास्ते में ही उसकी हालत बिगड़ती चली गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

यह भी पढ़ें – पलामू में अवैध गैस गोदाम और पोटका में होटल में फटे सिलेंडर, 4 गंभीर रूप से घायल

अस्पताल में पड़ा है अहजरुद्दीन का शव

तीसरे मृतक अजहरुद्दीन का शव फिलहाल अस्पताल के वार्ड में रखा गया है, जबकि आनंद कुमार और संजय यादव के शव पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में भेजे गए हैं। घायलों में एमडी इमामुद्दीन की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया है। वहीं एक अन्य घायल इलाज के दौरान अस्पताल से फरार हो गया।

पुलिस कर रही जांच
पुटकी थाना प्रभारी वकार हुसैन ने बताया कि घटना में तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। सीआईएसएफ की ओर से लिखित शिकायत मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। पूरे मामले की जांच की जा रही है और अवैध गतिविधियों के एंगल को भी खंगाला जा रहा है।

रांची: अवैध गैस रिफिलिंग और कालाबाजारी का नेटवर्क उजागर

राजधानी रांची के ओरमांझी क्षेत्र में जिला प्रशासन ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर अवैध गैस रिफिलिंग नेटवर्क का भंडाफोड़ किया। ईरबा स्थित दिल्ली दरबार बिरयानी दुकान पर छापेमारी के दौरान कुल 9 व्यावसायिक गैस सिलेंडर बरामद किए गए। इन सिलेंडरों की क्षमता करीब 19.02 किलोग्राम थी और इनमें एचपी व इंडेन कंपनी के सिलेंडर शामिल थे। जांच में पाया गया कि कुछ सिलेंडर सील हालत में थे, जबकि कई का इस्तेमाल अवैध रिफिलिंग के लिए किया जा रहा था।

सिलेंडर

बिचौलिया करता था सिलेंडर सप्लाई

दुकान संचालक से पूछताछ में खुलासा हुआ कि सिलेंडरों की सप्लाई एक बिचौलिया करता था, जो वैगनआर कार से इन्हें पहुंचाता था। यह बिचौलिया सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग कर उन्हें ऊंचे दामों पर बेचता था और इसमें मुनाफे की हिस्सेदारी भी तय थी।

आरोपी फरार, घर से मिले रिफीलिंग के साक्ष्य

मामले की गंभीरता को देखते हुए टीम ने गिरफ्तार व्यक्ति की निशानदेही पर ओरमांझी थाना क्षेत्र स्थित आरोपी के घर पर भी छापेमारी की। वहां से 19.02 किलो का एक एचपी गैस सिलेंडर बरामद हुआ, जिसमें लगभग 10 किलो गैस भरी थी और उस पर रिफिलिंग नोजल लगा था। मुख्य आरोपी घर से फरार मिला, जिसकी तलाश जारी है। वहां से एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी जब्त किया गया, जिससे इस अवैध कारोबार के संगठित तरीके से संचालित होने की पुष्टि हुई।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की गतिविधियां रेगुलेशन ऑफ सप्लाई एंड डिस्ट्रीब्यूशन ऑर्डर-2000 और आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत गंभीर अपराध हैं। मामले में ओरमांझी थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

इस तरह की गतिविधियां आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 और गैस वितरण नियमों का गंभीर उल्लंघन हैं। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी को बख्शा नहीं जाएगा। आम लोगों से भी अपील की गई है कि ऐसी गतिविधियों की सूचना तुरंत प्रशासन को दें। -मंजूनाथ भजंत्री, उपायुक्त, रांची

यह भी पढ़ें – झारखंड में सिलेंडर पर ‘संग्राम’: जब समाधान की जगह मिट्टी का चूल्हा बना सियासी हथियार!

गिरिडीह : सिलेंडर लदा ट्रक पलटा, चालक घायल

गिरिडीह के बगोदर क्षेत्र में गैस सिलेंडरों से लदा ट्रक देर रात अनियंत्रित होकर पलट गया। घटना 20 माइल के पास हुई, जिससे इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस का वर्जन:
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सिलेंडरों को सुरक्षित तरीके से दूसरे वाहन में शिफ्ट कराया गया। चालक को हल्की चोटें आई हैं और उसे प्राथमिक उपचार दिया गया है। किसी बड़े नुकसान से बचाव हो गया।

तीन घटनाएं, एक बड़ा संकेत

इन तीनों घटनाओं को जोड़कर देखें तो साफ होता है कि—

  • अवैध गैस रिफिलिंग और खतरनाक काम जारी है
  • सुरक्षा मानकों की अनदेखी आम है
  • प्रशासनिक कार्रवाई के बावजूद जमीनी स्तर पर खतरा बना हुआ है

धनबाद की घटना जहां सीधे तौर पर अवैध काम और लापरवाही से जुड़ी है, वहीं रांची का नेटवर्क बताता है कि गैस सिलेंडर की कालाबाजारी संगठित रूप ले चुकी है। गिरिडीह का हादसा परिवहन सुरक्षा की चुनौती को उजागर करता है।

Share This Article
Follow:
वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने एम.ए. (इतिहास), बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और एमबीए (मार्केटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। 1996 में 'प्रभात खबर', रांची से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार करियर की शुरुआत करके 'हिन्दुस्तान' और 'अमर उजाला' जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके आनंद कुमार हिन्दुस्तान, जमशेदपुर के स्थानीय संपादक भी रहे हैं। इसके अलावा The Photon News अखबार सहित Lagatar.in तथा Newswing.com जैसे डिजिटल माध्यमों में संपादक पद का दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा आनंद कुमार कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन/जनसंपर्क, प्रबंधन, सरकार/प्रशासन और मीडिया शिक्षण का भी गहन अनुभव रखते हैं। उन्होंने सरयू राय - एक नाम कई आयाम' नामक पुस्तक का संपादन भी किया है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *