Hazaribag : जिले के उत्क्रमित उच्च विद्यालय, सिंदूर में पूरक पोषक आहार के तहत बचे हुए चार केले के बंटवारे को लेकर शिक्षिका और रसोइया के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ते-बढ़ते मारपीट तक पहुंच गया, जिसके बाद मामला थाने में दर्ज कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, स्कूल में मिड डे मील सेंट्रल किचन के माध्यम से उपलब्ध कराया जाता है, जिसे अक्षय पात्र संस्था संचालित करती है। रसोइयों की भूमिका भोजन और पूरक पोषक आहार के वितरण तक सीमित रहती है।
यह भी पढ़ें – JPSC ने बदली JET-2024 की तारीख: अब 26 अप्रैल को होगी परीक्षा, केंद्रों का दायरा भी बढ़ा
बताया जा रहा है कि दो दिन पहले केले के बंटवारे को लेकर शिक्षिका और रसोइया के बीच कहासुनी हुई थी। अगले दिन भी इसी मुद्दे पर विवाद दोबारा हुआ और स्थिति हाथापाई तक पहुंच गई।
घटना के बाद दोनों पक्षों ने थाने में आवेदन दिया है। थाना प्रभारी अजीत कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है और आगे की प्रक्रिया जारी है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए शिक्षा विभाग ने जांच कमेटी गठित की है। प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी को जांच की जिम्मेदारी दी गई है। जिला शिक्षा अधीक्षक आकाश कुमार ने बताया कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय स्तर पर दोनों पक्षों के बीच समझौते की भी सूचना सामने आई है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
यह भी पढ़ें – विवादों में झारखंड के IAS राजीव रंजन : 24 घंटे के लिए खुद बने परिवहन आयुक्त, BJP ने उठाये गंभीर सवाल