Ranchi : अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब सीधे झारखंड की रसोई तक पहुंच गया है। राज्य में घरेलू गैस (LPG) की भारी किल्लत हो गई है, जिससे हाहाकार मच गया है। हालात इतने खराब हैं कि नई बुकिंग लगभग बंद है और गैस एजेंसियों के बाहर सुबह 5 बजे से ही लोगों की लंबी कतारें लग रही हैं।
मांग और सप्लाई में भारी अंतर
झारखंड में करीब 67.27 लाख गैस उपभोक्ता हैं। राज्य में हर दिन 3 लाख सिलेंडर की ज़रूरत है, लेकिन तेल कंपनियाँ मांग के मुकाबले सिर्फ आधी आपूर्ति ही कर पा रही हैं। रांची की गैस एजेंसियों पर 1000 से 1500 सिलेंडरों का बैकलॉग चल रहा है।
यह भी पढ़ें – झारखंड में मेधा दूध के उत्पाद हुए महंगे: पनीर, घी और गुलाब जामुन की कीमतों में भारी उछाल; मंत्री ने दी ये दलील
होटल-रेस्टोरेंट पर मार: टाटा स्टील की 6 कैंटीन बंद
गैस संकट का सबसे बुरा असर कॉमर्शियल सप्लाई पर पड़ा है, जिसे पूरी तरह रोक दिया गया है।
- मेन्यू से रोटी गायब: होटलों और रेस्टोरेंट में एक-दो दिन का ही स्टॉक बचा है। ईंधन की कमी के कारण कई जगह मेन्यू से रोटियां हटा दी गई हैं।
- टाटा स्टील का हाल: जमशेदपुर में टाटा स्टील की 12 में से 6 कैंटीन बंद कर दी गई हैं, जो एलपीजी पर चलती थीं।
सीएम हेमंत सोरेन का केंद्र पर निशाना
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस संकट को लेकर केंद्र सरकार को घेरा है। उन्होंने कहा कि आमतौर पर ऐसी स्थिति आने से पहले लोगों को जानकारी मिल जाती है, लेकिन इस बार घटना होने के बाद पता चल रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “देखना होगा कि देश के गरीब लोगों को और क्या-क्या दिखाया जाएगा।”
यह भी पढ़ें – कोविड वैक्सीन के दुष्प्रभाव पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, केंद्र को मुआवजा नीति बनाने का निर्देश
प्रशासन सख्त: कालाबाजारी पर होगी जेल
रांची के डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने तेल कंपनियों और एजेंसी संचालकों के साथ बैठक कर सख्त चेतावनी दी है।
- सख्त निर्देश: अस्पतालों, जेलों, हॉस्टल और मिड-डे मील के लिए सप्लाई हर हाल में बहाल करने को कहा गया है।
- मॉनिटरिंग: कालाबाजारी रोकने के लिए डिस्ट्रिक्ट लेवल मॉनिटरिंग कमेटी बनाई जाएगी।
हेल्पलाइन नंबर: यहां करें शिकायत अगर आपसे गैस के लिए अधिक पैसे मांगे जा रहे हैं या कालाबाजारी हो रही है, तो आप ‘अबुआ साथी’ हेल्पलाइन नंबर 9430328080 पर तुरंत शिकायत दर्ज करा सकते हैं।