आदित्यपुर नगर निगम चुनाव में वार्ड 9 की प्रत्याशी राखी मार्डी ने ‘फरार’ होने की खबरों को बताया साजिश

Anand Kumar
2 Min Read
राखी मार्डी।

Saraokela : आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 9 में चुनावी सरगर्मी के बीच प्रत्याशी राखी मार्डी ने खुद के ‘प्रेमी संग फरार’ होने की चर्चा को सिरे से खारिज किया है। शुक्रवार को वे आरआईटी थाने पहुंचीं और स्पष्ट किया कि वे कहीं गायब नहीं थीं, बल्कि चुनावी कार्यों और व्यय कोषांग में हिसाब जमा करने की प्रक्रिया में व्यस्त थीं। उन्होंने पूरे प्रकरण को राजनीतिक विरोधियों की “सोची-समझी साजिश” बताया।

पति पर राजनीतिक साठगांठ का आरोप

राखी मार्डी ने अपने पति राकेश मार्डी पर गंभीर आरोप लगाए। उनके अनुसार, पिछले छह महीनों से दांपत्य संबंध तनावपूर्ण हैं और पति को उनका चुनाव लड़ना स्वीकार नहीं था। उन्होंने दावा किया कि राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों के साथ मिलकर उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया। राखी ने यह भी आरोप लगाया कि पति का किसी अन्य महिला से संबंध है और विरोध करने पर उन्हें बदनाम किया जा रहा है।

समर्थकों को धमकी का दावा

प्रत्याशी ने कहा कि उनके समर्थक प्रेमचंद मार्डी और प्रस्तावक राघव बेसरा को फोन कर जान से मारने की धमकी दी गई है। उन्होंने कहा कि शनिवार से वे औपचारिक रूप से जनसंपर्क अभियान शुरू करेंगी और मतदाताओं के बीच जाकर तथ्यों को रखेंगी।

थाने में लिखित शिकायत

राखी मार्डी ने पूरे घटनाक्रम को लेकर आरआईटी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने चुनाव के दौरान सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने वालों पर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत मिलने की पुष्टि की है और मामले की जांच की बात कही है।

Share This Article
Follow:
वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने एम.ए. (इतिहास), बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और एमबीए (मार्केटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। 1996 में 'प्रभात खबर', रांची से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार करियर की शुरुआत करके 'हिन्दुस्तान' और 'अमर उजाला' जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके आनंद कुमार हिन्दुस्तान, जमशेदपुर के स्थानीय संपादक भी रहे हैं। इसके अलावा The Photon News अखबार सहित Lagatar.in तथा Newswing.com जैसे डिजिटल माध्यमों में संपादक पद का दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा आनंद कुमार कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन/जनसंपर्क, प्रबंधन, सरकार/प्रशासन और मीडिया शिक्षण का भी गहन अनुभव रखते हैं। उन्होंने सरयू राय - एक नाम कई आयाम' नामक पुस्तक का संपादन भी किया है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *