Sports Desk : रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) में अपना दबदबा कायम रखते हुए दूसरी बार खिताब अपने नाम कर लिया है। गुरुवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में बेंगलुरु (RCB) ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) को 6 विकेट से हराया। इससे पहले बेंगलुरु ने 2024 में पहली बार खिताब जीता था, जबकि दिल्ली को लगातार चौथी बार फाइनल में हार का सामना करना पड़ा।
वडोदरा के कोटाम्बी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में बेंगलुरु ने 2 गेंद शेष रहते 204 रन का विशाल लक्ष्य हासिल कर लिया। यह विमेंस प्रीमियर लीग फाइनल इतिहास का सबसे बड़ा रन चेज दर्ज किया गया।
मंधाना-वोल की ऐतिहासिक साझेदारी
लक्ष्य का पीछा करते हुए कप्तान स्मृति मंधाना ने 87 रन की अहम पारी खेली, जबकि जॉर्जिया वोल ने 79 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों के बीच 92 गेंदों पर 165 रन की साझेदारी हुई, जिसने मैच का रुख पूरी तरह बेंगलुरु की ओर मोड़ दिया।
आखिरी ओवर में टीम को जीत के लिए 10 रन चाहिए थे। राधा यादव और नदीन डी क्लर्क ने शुरुआती दो गेंदों पर एक-एक रन लिया। तीसरी गेंद पर राधा यादव ने चौका जड़ा। चौथी गेंद पर उनका शॉट कवर्स की दिशा में गया, इस दौरान बल्ला स्टंप से टकराया, लेकिन गिल्लियां नहीं गिरीं और गेंद बाउंड्री के बाहर चली गई। इसी के साथ बेंगलुरु ने खिताबी जीत दर्ज कर ली।
दिल्ली के काम नहीं आई रॉड्रिग्ज की फिफ्टी
दिल्ली कैपिटल्स की ओर से कप्तान जेमिमा रॉड्रिग्ज ने 37 गेंदों पर 57 रन की पारी खेली, जिसमें 8 चौके शामिल रहे। लौरा वोल्वार्ट ने 44 रन बनाए, जबकि शिनेल हेनरी 35 रन बनाकर नाबाद रहीं।
इसके अलावा लिजेल ली ने 37 और शेफाली वर्मा ने 20 रन जोड़े। इन पारियों की बदौलत दिल्ली ने WPL फाइनल का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर बनाया, लेकिन टीम जीत हासिल नहीं कर सकी।
इनाम राशि का बंटवारा
टूर्नामेंट विजेता रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 6 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि मिली। उपविजेता दिल्ली कैपिटल्स को 3 करोड़ रुपये मिले। प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार सोफी डिवाइन को दिया गया, जिन्हें 5 लाख रुपये मिले।
दोनों टीमों की प्लेइंग-XI
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: स्मृति मंधाना (कप्तान), ग्रेस हैरिस, जॉर्जिया वोल, ऋचा घोष (विकेटकीपर), राधा यादव, नदीन डी क्लर्क, पूजा वस्त्राकर, अरुंधति रेड्डी, सयाली साटघरे, श्रेयांका पाटिल, लॉरेन बेल।
दिल्ली कैपिटल्स: जेमिमा रॉड्रिग्ज (कप्तान), शेफाली वर्मा, लिजेल ली (विकेटकीपर), लौरा वोल्वार्ट, मरीजन कैप, शिनेल हेनरी, निकी प्रसाद, स्नेह राणा, मिन्नू मणि, श्री चरणी, नंदनी शर्मा।