Dhanbad : नगर निगम चुनाव को लेकर धनबाद में राजनीतिक सरगर्मी लगातार बढ़ती जा रही है। इसी क्रम में धनबाद की पहली मेयर इंदु सिंह ने शुक्रवार को महापौर (मेयर) पद के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस बार भी उन्होंने मेयर पद पर किस्मत आजमाने का फैसला किया है।
इंदु सिंह सैकड़ों समर्थकों के साथ भव्य रोड शो करते हुए जिला समाहरणालय पहुंचीं। रोड शो के दौरान समर्थकों का जोश देखते ही बन रहा था और पूरा इलाका चुनावी नारों से गूंज उठा। इसके बाद उन्होंने निर्वाची पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता विनोद कुमार, सहायक निर्वाची पदाधिकारी बाल किशोर महतो और विशाल कुमार पांडे के समक्ष नामांकन पत्र दाखिल किया।
नामांकन में बहू आशनी सिंह भी रहीं मौजूद
नामांकन के दौरान इंदु सिंह के साथ उनकी बहू और राष्ट्रीय जनता कामगार यूनियन की महामंत्री आशनी सिंह भी उपस्थित रहीं। नामांकन के बाद समर्थकों ने समाहरणालय परिसर में जमकर नारेबाजी की, जिससे माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में नजर आया।
2010–15 के कार्यकाल में शहर को मिली नई दिशा: आशनी सिंह
मीडिया से बातचीत में आशनी सिंह ने कहा कि इंदु सिंह धनबाद की पहली मेयर रही हैं और वर्ष 2010 से 2015 तक उनके कार्यकाल में शहर के विकास को नई दिशा मिली। उन्होंने दावा किया कि उस दौरान धनबाद में सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान दिया गया।
आशनी सिंह के मुताबिक इंदु सिंह के कार्यकाल में चौक-चौराहों पर सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण कराया गया और आम लोगों की सुविधा के लिए सिटी बस सेवा की शुरुआत भी की गई। इसके अलावा पूरे शहर में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को मजबूत किया गया, जिससे रात के समय सुरक्षा और रौनक दोनों में इजाफा हुआ।
उन्होंने कहा कि जिस तरह 2010 में जनता ने इंदु सिंह पर भरोसा जताया था, उसी तरह इस बार भी धनबाद की जनता उन्हें दोबारा मेयर के रूप में देखना चाहती है। आशनी सिंह ने विश्वास जताया कि जनता का रुझान साफ है और आने वाले नगर निगम चुनाव में इंदु सिंह को जीत मिलेगी।
इसे भी पढ़ें – शहरी झारखंड में त्रिकोणीय राजनीति की असली परीक्षा है निकाय चुनाव