London/Ranchi : गणतंत्र दिवस के अवसर पर लंदन में एक भावुक और ऐतिहासिक क्षण देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने लंदन स्थित भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के ऐतिहासिक आवास पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने इस अवसर को अपने जीवन के अत्यंत भावनात्मक, प्रेरणादायी और स्मरणीय क्षणों में से एक बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान निर्माता बाबा साहेब के विचारों और नेतृत्व ने भारत जैसे विविधताओं से भरे देश को एक सशक्त, समावेशी और लोकतांत्रिक राष्ट्र के रूप में स्थापित करने की ठोस आधारशिला रखी। उनका मानना है कि सामाजिक न्याय, समानता और लोकतंत्र की अवधारणाएं आज भी बाबा साहेब के विचारों से ही दिशा प्राप्त करती हैं।
उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने देश को केवल अधिकारों और समानता का संविधान नहीं दिया, बल्कि हर नागरिक को सम्मान, गरिमा और स्वाभिमान के साथ जीवन जीने का नैतिक अधिकार भी सुनिश्चित किया। उनके विचार आज भी भारतीय लोकतंत्र के मार्गदर्शक सिद्धांत बने हुए हैं।

गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय महत्व के दिन बाबा साहेब के लंदन स्थित ऐतिहासिक आवास पर पहुंचकर उन्हें नमन करना, केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं बल्कि संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति आस्था व्यक्त करने का प्रतीक है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अंबेडकर म्यूजियम में रखी गई गेस्ट बुक में अपने भाव और विचार भी दर्ज किए।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री की पत्नी कल्पना मुर्मू सोरेन, मुख्य सचिव अविनाश कुमार तथा अंबेडकर म्यूजियम के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
गिरिडीह में दो आदिवासी नाबालिग लड़कियों से सामूहिक दुष्कर्म, पुलिस ने तेज की आरोपियों की तलाश