London/Ranchi : झारखंड के गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में लंदन में ‘झारखंड @25’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम झारखंड की संघर्षपूर्ण यात्रा, सांस्कृतिक अस्मिता और प्रकृति-संगत विकास दृष्टि को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास रहा।
इस कार्यक्रम में मरांग गोमके ओवरसीज स्कॉलरशिप योजना के तहत यूनाइटेड किंगडम के विभिन्न विश्वविद्यालयों में अध्ययनरत छात्र, चेवनिंग–मरांग गोमके स्कॉलर्स, उच्च शिक्षा के बाद यूके में कार्यरत युवा, विभिन्न विश्वविद्यालयों के फैकल्टी सदस्य, शोधकर्ता, उद्यमी तथा झारखंड से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधि शामिल हुए। कुल मिलाकर लगभग 150 प्रतिभागियों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। भारत में किसी राज्य सरकार द्वारा अपने छात्रों, प्रवासियों और उद्यमियों के लिए विदेश में आयोजित किया गया यह संभवतः पहला ऐसा कार्यक्रम माना जा रहा है।
देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा झारखंड : हेमंत सोरेन
“हम सभी को साथ लेकर आगे बढ़ेंगे” – मुख्यमंत्री
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि ‘झारखंड @25’ केवल बीते 25 वर्षों की उपलब्धियों का उत्सव नहीं है, बल्कि यह अनंत संभावनाओं की ओर अग्रसर झारखंड की कहानी भी कहता है। उन्होंने कहा कि झारखंड का विकास मॉडल प्रकृति के साथ संतुलन पर आधारित है, जहां जल, जंगल और जमीन के साथ जिम्मेदार संबंध को प्राथमिकता दी जाती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह यात्रा मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा और बाबा दिशोम गुरुजी के दूरदर्शी विचारों से प्रेरित है। उनके द्वारा प्रतिपादित गरिमा, आत्मसम्मान और न्याय के आदर्श आज भी झारखंड के भविष्य को दिशा दे रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि झारखंड अपनी जड़ों से जुड़े रहकर, सभी को साथ लेकर, समावेशी और सतत विकास के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ता रहेगा।
झारखंड की परंपरा और संस्कृति की जीवंत प्रस्तुति
कार्यक्रम के दौरान मरांग गोमके स्कॉलर्स और यूके में रह रहे झारखंडवासियों ने राज्य की समृद्ध परंपरा और संस्कृति की झलक प्रस्तुत की। सादरी गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से पूरा आयोजन स्थल गूंज उठा। इस अवसर पर छात्रों ने अपने अनुभव साझा करते हुए झारखंड सरकार के प्रयासों और सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया।
यह कार्यक्रम झारखंड के युवा राज्य के रूप में वैश्विक पहचान, प्रवासी समुदाय से मजबूत जुड़ाव और आने वाले वर्षों के लिए एक साझा विकास दृष्टि को रेखांकित करता नजर आया।
गुमला में दर्दनाक सड़क हादसा : स्कूटी सवार युवक को कार ने कुचला, CCTV में कैद हुई घटना