खूंटी जिले के रनिया थाना क्षेत्र अंतर्गत सौदे-निराशिंग गांव के पास सोमवार को हुए सड़क हादसे में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों की पहचान राइसम गांव निवासी मंगल बडिंग (45 वर्ष) और गुस्सलु बडिंग (60 वर्ष) के रूप में की गई है।
ढलान पर ब्रेक फेल होते ही पलटा ट्रैक्टर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राइसम गांव निवासी लोड़गो बडिंग के अबुआ आवास निर्माण के लिए बघीया बीचाटोली से ट्रैक्टर में लकड़ी लादकर गांव लाया जा रहा था। जैसे ही ट्रैक्टर सौदे-निराशिंग गांव के पास ढलान पर पहुंचा, वाहन का ब्रेक फेल हो गया। चालक ट्रैक्टर पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।
लातेहार बस हादसा : मृतकों की संख्या बढ़कर 10 हुई, घायलों की संख्या 40 से ज्यादा
मौके पर दो की मौत, ग्रामीणों ने संभाला मोर्चा
दुर्घटना के बाद आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य में जुट गए। हालांकि प्रयासों के बावजूद मंगल बडिंग और गुस्सलु बडिंग की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में घायल हुए बिरसु चिक बड़ाईक, चोयता बडिंग, तिलिंगा बडिंग, लोड़गो बडिंग, बुधवा बडिंग और लेचा बडिंग को ग्रामीणों की मदद से तत्काल रनिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस जांच में जुटी, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए
घटना की सूचना मिलते ही रनिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी श्यामल कुंभकार ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
गिरिडीह में पांच लाख का लोन बना काल, दबाव में मां-बेटी ने दी जान