गिरिडीह में पांच लाख का लोन बना काल, दबाव में मां-बेटी ने दी जान

Anand Kumar
3 Min Read
गांव में जांच करने पहुंची पुलिस।

Giridih : गिरिडीह जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत गादी श्रीरामपुर गांव में सोमवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां घर के कमरे में मां और बेटी की मौत हो गयी। मृतकों की पहचान 36 वर्षीय पुतुल देवी और उनकी 16 वर्षीय बेटी स्नेहा कुमारी के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों की मौत आत्महत्या के कारण हुई बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव और मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर शवों को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।


दावोस में झारखंड की ठोस शुरुआत, सीएम हेमंत करेंगे टाटा स्टील, हिताची, टेक महिंद्रा समेत वैश्विक संस्थानों से संवाद

परिजनों का दावा : कर्ज और ईएमआई के दबाव में था तनाव

मृतका के पति सोनू राम ने पुलिस को बताया कि उनकी पत्नी पुतुल देवी ने एक महिला स्वयं सहायता समूह से करीब पांच लाख रुपये का लोन लिया था, जिसकी जानकारी परिवार के अन्य सदस्यों को नहीं थी। कुछ समय से फाइनेंस एजेंसी की ओर से ईएमआई भुगतान को लेकर दबाव बढ़ने लगा था, जिसके कारण उनकी पत्नी लगातार मानसिक तनाव में रहने लगी थी।

परिजनों का कहना है कि बार-बार पूछने के बावजूद पुतुल देवी अपनी परेशानी साझा नहीं कर पा रही थीं।


सुबह नहीं खुला दरवाजा, तब सामने आई घटना

परिजनों के अनुसार, सोमवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला, जिसके बाद संदेह हुआ। जब दरवाजा खोला गया तो मां-बेटी दोनों मृत अवस्था में मिलीं। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।


पुलिस : पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी स्थिति

घटना को लेकर सदर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। परिजन कर्ज के दबाव को तनाव का कारण बता रहे हैं, लेकिन सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर अंतिम निष्कर्ष निकाला जाएगा।


गांव में शोक, जांच जारी

इस घटना से पूरे गादी श्रीरामपुर गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने मृतकों के परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

गोमिया में हाथी ने सब्जी व्यापारी को कार से खींचकर निकाला फिर कुचल कर ले ली जान

Share This Article
Follow:
वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने एम.ए. (इतिहास), बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और एमबीए (मार्केटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। 1996 में 'प्रभात खबर', रांची से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार करियर की शुरुआत करके 'हिन्दुस्तान' और 'अमर उजाला' जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके आनंद कुमार हिन्दुस्तान, जमशेदपुर के स्थानीय संपादक भी रहे हैं। इसके अलावा The Photon News अखबार सहित Lagatar.in तथा Newswing.com जैसे डिजिटल माध्यमों में संपादक पद का दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा आनंद कुमार कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन/जनसंपर्क, प्रबंधन, सरकार/प्रशासन और मीडिया शिक्षण का भी गहन अनुभव रखते हैं। उन्होंने सरयू राय - एक नाम कई आयाम' नामक पुस्तक का संपादन भी किया है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *