Dumka : जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात चाकूबाजी की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। पथरिया गांव के समीप हुए इस हमले में एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक और एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
तातलोई मेला से लौटते समय रोकी गई बाइक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम जामा थाना क्षेत्र के तातलोई मेला से दो किशोर, डेविड और लखींद्र एक युवती के साथ बाइक से लौट रहे थे। जैसे ही वे रामगढ़ थाना क्षेत्र के पथरिया के पास पहुंचे, बाइक सवार तीन अज्ञात युवकों ने उन्हें ओवरटेक कर रास्ते में रोक लिया।
Breaking News : झारखंड हाईकोर्ट ने ED अधिकारियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई पर लगाई रोक
युवती से बदसलूकी का विरोध पड़ा भारी
आरोप है कि अज्ञात युवकों ने युवती को जबरन बाइक से उतारने की कोशिश की। इसका विरोध करने पर दोनों पक्षों में पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। इसी दौरान हमलावरों ने चाकू से हमला कर दिया।
चाकूबाजी की इस घटना में लखींद्र, डेविड और युवती गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल में युवक ने तोड़ा दम
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को देर रात फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल, दुमका लाया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने लखींद्र को मृत घोषित कर दिया। वहीं, डेविड और युवती की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।
पुलिस की छापेमारी, आरोपी फरार
घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, घटना को अंजाम देने वाले तीनों अज्ञात हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।