
Ranchi : भाजपा के वरिष्ठ नेता और लोकसभा के पूर्व उपाध्यक्ष कड़िया मुंडा को अज्ञात अपराधियों ने फोन पर धमकी दी है। पद्मभूषण से सम्मानित 80 वर्षीय आदिवासी नेता से खुद को पुलिस अधिकारी बताकर रंगदारी मांगी गई और गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई।
जानकारी के अनुसार, कड़िया मुंडा के निजी सहायक डॉ. निर्मल सिंह के मोबाइल पर कॉल आया। फोन करने वाले ने खुद को पुलिस अधिकारी बताया और डरा-धमकाकर पैसे की मांग की। कड़िया मुंडा वर्तमान में बीमार चल रहे हैं। बार-बार आ रहे ऐसे धमकी भरे कॉल्स से उनकी मानसिक स्थिति और स्वास्थ्य पर असर पड़ रहा है। उनके लंबे सार्वजनिक जीवन में यह पहली बार है जब उन्हें इस तरह की धमकी का सामना करना पड़ा है।
Jharkhand Crime Roundup : पिछले 24 घंटे में हादसे, अपराध और लापता बच्चों का मामला
डॉ. निर्मल सिंह ने इस घटना की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा की और मुख्यमंत्री कार्यालय तथा झारखंड पुलिस को टैग कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। निर्मल सिंह की लिखित शिकायत के आधार पर रांची के साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने संबंधित मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लिया है और जांच कर रही है कि क्या यह किसी संगठित साइबर गिरोह की ओर से वीआईपी हस्तियों को निशाना बनाने वाली साजिश है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऐसी धमकी भरे कॉल आएं तो तुरंत सूचना दें और पैसे न दें। मामले की गहन जांच जारी है।