Jharkhand Crime Round-Up : खूंटी से गिरिडीह तक हत्या, गिरफ्तारी, हादसे और दहशत

Anand Kumar
4 Min Read

Ranchi : झारखंड में बीते 24 घंटे के भीतर अपराध, सड़क हादसों और जंगली जानवरों के हमलों से जुड़ी कई बड़ी घटनाएं सामने आई हैं। कहीं हत्या के बाद सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन हुआ, तो कहीं अदालत से फरार आरोपी गिरफ्तार किए गए। राजधानी रांची में चर्चित मर्डर केस में पुलिस को सफलता मिली, जबकि हजारीबाग में सड़क हादसा और हाथी के हमले से इलाके में दहशत फैल गई।


खूंटी: सोमा मुंडा की हत्या के बाद सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन

आदिवासी नेता सोमा मुंडा की हत्या के बाद खूंटी जिले में जनाक्रोश फूट पड़ा। गुरुवार को प्रदर्शनकारियों ने भगत सिंह चौक पर सड़क के बीचोबीच पार्थिव शरीर रखकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। आदिवासी समन्वय समिति के आह्वान पर पूरे जिले में बंद रहा, जिसका व्यापक असर दिखा। प्रदर्शनकारियों ने हत्यारों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की।

I-PAC प्रमुख प्रतीक जैन के ठिकानों पर ED का छापा, ममता बनर्जी का तीखा हमला


पाकुड़: न्यायालय परिसर से फरार दोनों आरोपी गिरफ्तार

पाकुड़ जिले में अदालत परिसर से फरार हुए दोनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सजा सुनाए जाने के बाद फरार हुए आरोपियों की तलाश में विशेष टीम गठित की गई थी। सघन छापेमारी के बाद पुलिस ने दोनों को धर दबोचा। फिलहाल दोनों से पूछताछ जारी है।


रांची: मून डिस्को बार मर्डर केस में दो मुख्य आरोपी गिरफ्तार

रांची के लालपुर चौक स्थित मून डिस्को बार के बाहर युवक को कार से कुचलकर हत्या करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसएसपी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने संकेत दिया है कि जल्द प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।


गिरिडीह: RJD नेता हत्याकांड का फरार आरोपी दबोचा गया

गिरिडीह में आरजेडी नेता कैलाश यादव हत्याकांड समेत आर्म्स एक्ट के पांच मामलों में फरार अपराधी छोटू राय उर्फ घनश्याम राय को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। धनबाद जिले के महुदा मोड़ के पास से की गई इस गिरफ्तारी के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया है।


हजारीबाग: घने कोहरे में ट्रक पुल से टकराया, चालक घायल

हजारीबाग जिले के गोरहर थाना क्षेत्र अंतर्गत जीटी रोड स्थित शिलाडीह मोड़ के पास घने कोहरे के कारण एक ट्रक अनियंत्रित होकर पुल से टकरा गया। हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है।


हजारीबाग: जंगली हाथी के हमले में युवक की मौत, पत्नी घायल

हजारीबाग सदर प्रखंड के चुटियारो गांव में जंगली हाथी के हमले से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। बताया जा रहा है कि झुंड से बिछुड़ा हाथी कई दिनों से इलाके में घूम रहा था। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।

खूंटी-सिमडेगा रोड पर चलते ट्रक में जा घुसी क्रेटा, डोड़मा चर्च के दो फादर की मौत, एक अन्य गंभीर

Share This Article
Follow:
वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने एम.ए. (इतिहास), बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और एमबीए (मार्केटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। 1996 में 'प्रभात खबर', रांची से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार करियर की शुरुआत करके 'हिन्दुस्तान' और 'अमर उजाला' जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके आनंद कुमार हिन्दुस्तान, जमशेदपुर के स्थानीय संपादक भी रहे हैं। इसके अलावा The Photon News अखबार सहित Lagatar.in तथा Newswing.com जैसे डिजिटल माध्यमों में संपादक पद का दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा आनंद कुमार कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन/जनसंपर्क, प्रबंधन, सरकार/प्रशासन और मीडिया शिक्षण का भी गहन अनुभव रखते हैं। उन्होंने सरयू राय - एक नाम कई आयाम' नामक पुस्तक का संपादन भी किया है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *