पुरानी रंजिश और धमकियों से आक्रोशित होकर की गई थी सोहेल अली की हत्या, एक आरोपी फरार

Jamshedpur : टेल्को थाना क्षेत्र में हुई एक युवक की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने महज 24 घंटे के अंदर सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। जुगसलाई निवासी सोहेल अली की हत्या उसके ही दोस्तों ने पुरानी रंजिश और लगातार धमकियों से आक्रोशित होकर की थी। पुलिस ने चार आरोपियों में से तीन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि एक फरार आरोपी की तलाश जारी है।
मंगलवार को सिटी एसपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की डिटेल्स बताईं। खरकाई रोड स्थित बाउंड्री वॉल के अंदर झाड़ियों में सोहेल अली का शव मिला था। धारदार हथियारों से उसकी बेरहमी से हत्या की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर सिटी एसपी के नेतृत्व में सिटी डीएसपी की अगुवाई में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित जांच कर कांड का पर्दाफाश कर दिया।
गिरफ्तार आरोपियों में बिरसानगर जोन नंबर-6 निवासी ऋषि दलाई, जसबीर सिंह उर्फ जस्सू और लवप्रीत सिंह गिल शामिल हैं। ऋषि दलाई का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक चाइनीज चापड़, दो अन्य धारदार हथियार और एक मोबाइल फोन बरामद किया, जो हत्या में इस्तेमाल हुए थे।
पुलिस जांच में पता चला कि सोहेल अली और आरोपी आपस में दोस्त थे और साथ में नशीले पदार्थों का सेवन करते थे। कुछ दिन पहले सोहेल ने जुगसलाई में आरोपियों को बुलाकर उनके साथ मारपीट की थी। इसके अलावा, हाल ही में नशीले पदार्थ लेते समय सोहेल का मोबाइल खो गया था। उसे शक था कि आरोपियों ने ही फोन चुराया है। इस बात को लेकर वह लगातार आरोपियों को धमकी दे रहा था।
इसी रंजिश से आक्रोशित होकर आरोपियों ने बदला लेने की साजिश रची। उन्होंने सोहेल को टेल्को बुलाया और धारदार हथियारों से उसकी हत्या कर दी। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है और जल्द उसे भी पकड़ लिया जाएगा।