UP News : प्रेमी के घर मिली पत्नी तो गुस्से में पागल पति ने काट दी नाक, प्रेमी ने फौरन कटी नाक उठाकर डिब्बे में डाला और…
UP news : हरदोई में पत्नी के अवैध संबंध के शक में पति ने दांतों से काट दी नाक। महिला प्रेमी संग थाने पहुंची। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। लखनऊ PGI में महिला की प्लास्टिक सर्जरी जारी।

UP News : उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से एक सनसनीखेज और हैरान कर देने वाली वारदात सामने आई है। प्रेम, धोखे और प्रतिशोध के इस त्रिकोण में पत्नी की नाक कट गई और पति जेल पहुंच गया।
हरियावां थाना क्षेत्र के देवरिया स्थित प्रसिद्ध नगर गांव में रहने वाले रामखिलावन (26) की शादी 10 साल पहले पूजा देवी (24) से हुई थी। शादीशुदा जीवन के शुरुआती साल तो सामान्य गुज़रे, लेकिन समय के साथ रिश्तों में खटास आ गई। पूजा का गांव के ही सुशील कुमार से प्रेम संबंध बन गया, और यह बात धीरे-धीरे रामखिलावन को भी समझ में आने लगी।
बुधवार शाम जब रामखिलावन घर लौटा, तो उसने पत्नी को मोबाइल पर किसी युवक से बात करते देखा। दोनों के बीच कहासुनी हुई और फिर पति गुस्से में घर से निकल गया। लेकिन पूजा भी देर रात घर से निकलकर सुशील के घर पहुंच गई, जो कि महज 500 मीटर दूर था। वहां सुशील की बहन ने पूजा को लौट जाने की सलाह दी, लेकिन पूजा अड़ गई।

इसी बीच रात करीब 11 बजे रामखिलावन भी सुशील के घर पहुंच गया। वहां उसने पत्नी और उसके प्रेमी को एक साथ देख लिया। वह बुरी तरह बौखला गया और पत्नी से साथ चलने को कहा। जब पूजा ने मना कर दिया, तो गुस्से में उसने अपनी पत्नी की नाक दांतों से काट दी। बीच-बचाव में आया सुशील भी झगड़े में घायल हो गया।
नाक कटने के बाद पूजा खुद अपने प्रेमी सुशील के साथ थाने पहुंची। उसकी नाक को एक प्लास्टिक डिब्बी में रखकर पुलिस को सौंपा गया। पुलिस ने तत्काल महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसे लखनऊ पीजीआई रेफर कर दिया गया।
पीजीआई में महिला की प्लास्टिक सर्जरी के ज़रिए नाक को जोड़ने की कोशिश की जा रही है। डॉक्टरों का कहना है कि हालत फिलहाल स्थिर है।
पूजा की ओर से थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है, जिसमें पति पर जान से मारने की धमकी, घरेलू हिंसा और गंभीर हमला करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने आरोपी पति रामखिलावन को उसी रात अरुवा तिराहे से गिरफ्तार कर लिया।

इस पूरे मामले में प्रेमी सुशील ने भी बयान दिया है कि रामखिलावन का अवैध संबंध अपनी मामा की लड़की से है, जिसे वह घर में रखता है। उसने दावा किया कि रामखिलावन की हिंसा का सिलसिला नया नहीं है। वहीं, सुशील की मां और बहन ने पूजा और सुशील के बीच संबंधों की बात हाल ही में पता चलने का दावा किया है। बताया गया कि सुशील की पत्नी की मौत करीब 10 महीने पहले हो चुकी थी, जिसके बाद वह पूजा के करीब आया। रामखिलावन और सुशील दोनों की खेतीबाड़ी करके जीवनयापन करते हैं।
पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात भी सामने आई है कि पूजा, सुशील को अपने मायके से जानती थी और दोनों की दोस्ती काफी पुरानी थी। दोनों के बीच नजदीकियां धीरे-धीरे बढ़ीं, जो अब एक बड़े घरेलू कांड में तब्दील हो गई हैं।
यह घटना अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई है। रिश्तों की पेचीदगियों, शक, प्रतिशोध और मर्यादाओं के टूटने की यह कहानी केवल हरदोई की नहीं, बल्कि उस सामाजिक बुनावट की भी है, जो अब तेजी से दरक रही है।
देश-दुनिया की महत्वपूर्ण खबरें और वीडियो अपने ह्वाटसअप पर पाने के लिए इस ग्रुप से जु़ड़े https://chat.whatsapp.com/DBtjxYDtojLIKSneDZ5pE4
