पटना से आ रहा इंडिगो विमान हवा में गिद्ध से टकराया, पायलट की सूझबूझ ने 175 पैसेंजर्स को बचाया
रांची एयरपोर्ट पर सोमवार को एक बड़ा हादसा टल गया जब पटना से आ रहे विमान की बर्ड हिट के चलते इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। विमान में 175 यात्री सवार थे, सभी सुरक्षित हैं।

रांची एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग, पक्षी की टक्कर से एयरबस 320 में आया डेंट
रांची। सोमवार को रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर एक बड़ा हादसा टल गया, जब पटना से आ रहा इंडिगो का विमान लैंडिंग से ठीक पहले गिद्ध से टकरा गया। इस विमान में कुल 175 यात्री सवार थे। टक्कर के बाद पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए विमान को करीब 40 मिनट तक हवा में सुरक्षित उड़ान में रखा और फिर सफलतापूर्वक इमरजेंसी लैंडिंग कराई। सौभाग्यवश, सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।
एयरपोर्ट निदेशक आर.आर. मौर्य ने बताया कि घटना उस वक्त हुई जब विमान रांची से लगभग 10 से 12 नॉटिकल माइल दूर और 3000-4000 फीट की ऊंचाई पर था। इसी दौरान एक गिद्ध ने विमान को टक्कर मार दी। एक अधिकारी ने जानकारी दी कि गिद्ध की टक्कर से विमान के ढांचे पर डेंट आया है। हालांकि, किसी यात्री को कोई नुकसान नहीं हुआ। अब इंजीनियरिंग टीम विमान के नुकसान का मूल्यांकन कर रही है। सूत्रों के अनुसार यह विमान एयरबस 320 था।
जानकारों का मानना है कि यदि पायलट ने तत्परता न दिखाई होती, तो यह घटना गंभीर रूप ले सकती थी। बर्ड हिट की घटनाएं विमान सुरक्षा के लिए बड़ी चुनौती मानी जाती हैं और इस हादसे ने एक बार फिर एविएशन सेफ्टी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
