झारखंड में SIR की समय-सीमा बढ़ी, अब 15 दिसंबर तक निपटेंगे दावे-आपत्तियां; 22 दिसंबर को अंतिम वोटर लिस्ट

Anand Kumar
2 Min Read

रांची। झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर चुनाव आयोग ने कार्यक्रम में बदलाव किया है। दावे और आपत्तियों के निपटारे की समय-सीमा अब 15 दिसंबर तक बढ़ा दी गई है। वहीं, राज्य की अंतिम मतदाता सूची अब 30 नवंबर के बजाय 22 दिसंबर को प्रकाशित की जाएगी।

निर्वाचन आयोग के संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और डुप्लीकेट (ASDD) श्रेणी में चिह्नित ऐसे मतदाताओं के लिए एक और अवसर दिया गया है, जिनके गणना प्रपत्र शुरुआती प्रक्रिया के दौरान एकत्र नहीं हो पाए थे। इन मतदाताओं के प्रपत्र 18 नवंबर तक तैयार और प्रिंट किए जाने हैं। इनके वितरण और संग्रह की प्रक्रिया 18 से 30 नवंबर तक चलेगी।

पहली बार वोटर बनने वालों को भी अतिरिक्त समय

संशोधित कार्यक्रम से पहली बार मतदाता बनने के पात्र युवाओं को भी आवेदन का अतिरिक्त समय मिलेगा। 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके पात्र नागरिक फॉर्म-6 के जरिए मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं।

16.83 लाख से अधिक आवेदन डिजिटाइज

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी की 18 नवंबर की जानकारी के मुताबिक, 16 नवंबर तक फॉर्म-6, फॉर्म-6A, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 के कुल 16,83,851 आवेदन डिजिटाइज किए जा चुके थे। इनमें नाम जोड़ने, नाम हटाने पर आपत्ति और मतदाता विवरण में संशोधन से जुड़े आवेदन शामिल हैं।

चुनाव आयोग के इस फैसले के बाद मतदाता सूची से जुड़े दावे, आपत्तियां और नए नाम जोड़ने की प्रक्रिया के लिए अतिरिक्त समय मिल गया है। पात्र मतदाताओं को सलाह है कि वे अपने बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) से संपर्क कर निर्धारित समय के भीतर आवेदन और जरूरी दस्तावेज जमा करें।

यह भी पढ़ें – SIR पर चुनाव आयोग का सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा: फॉर्म-6 भरने पर कार्रवाई नहीं, कांग्रेस ने पूछे 48 सवाल

Share This Article
Follow:
वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने एम.ए. (इतिहास), बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और एमबीए (मार्केटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। 1996 में 'प्रभात खबर', रांची से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार करियर की शुरुआत करके 'हिन्दुस्तान' और 'अमर उजाला' जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके आनंद कुमार हिन्दुस्तान, जमशेदपुर के स्थानीय संपादक भी रहे हैं। इसके अलावा The Photon News अखबार सहित Lagatar.in तथा Newswing.com जैसे डिजिटल माध्यमों में संपादक पद का दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा आनंद कुमार कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन/जनसंपर्क, प्रबंधन, सरकार/प्रशासन और मीडिया शिक्षण का भी गहन अनुभव रखते हैं। उन्होंने सरयू राय - एक नाम कई आयाम' नामक पुस्तक का संपादन भी किया है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *