रांची/सिमडेगा: कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप के मामले में नया मोड़ आ गया है। अब इस मामले में नाबालिग की दादी की शिकायत पर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। आरोप है कि दोनों ने नाबालिग को अगवा कर डराया-धमकाया और दबाव बनाकर सिमडेगा विधायक के खिलाफ गलत एवं भ्रामक बयान देने के लिए विवश किया।
सिमडेगा पुलिस अधीक्षक कार्यालय के मीडिया सेल की ओर से 13 नवंबर 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति में इस कार्रवाई की पुष्टि की गई है।
पुलिस के मुताबिक, वादी ने पाकरटांड़ थाने में लिखित आवेदन देकर आरोप लगाया कि उनकी नाबालिग पोती को दिलीप तिर्की समेत दो व्यक्तियों ने अगवा कर लिया था। इसके बाद उसे डराया-धमकाया गया और दबाव बनाकर सिमडेगा विधायक के खिलाफ गलत एवं भ्रामक बातें बोलने तथा गलत आरोपों के संबंध में गवाही देने के लिए मजबूर किया गया।
शिकायत में कहा गया है कि दोनों आरोपियों के दबाव में आकर नाबालिग ने विधायक के खिलाफ आरोप लगाते हुए गवाही दी, जिसे एक न्यूज चैनल ने प्रसारित किया।
BNS और पॉक्सो एक्ट के तहत FIR
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ पाकरटांड़ थाना कांड संख्या 25/2026, दिनांक 13 नवंबर 2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। इसमें भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 231, 137(2), 127(2), 142, 140(3), 61(2), 356(2), 3(5) और पॉक्सो एक्ट की धारा 23(4) लगाई गई है।
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। प्राप्त तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
क्या है पूरा मामला?
गौरतलब है कि इससे पहले नाबालिग ने रांची में पुलिस के समक्ष बयान दिया था कि कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा ने उसके साथ दुष्कर्म किया है। उसके बयान के आधार पर विधायक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। दर्ज शिकायत के मुताबिक, कथित घटना विधायक के आवास पर हुई थी।
विधायक भूषण बाड़ा ने अपने ऊपर लगे आरोपों को बेबुनियाद बताया है। वहीं, इस मामले को लेकर भाजपा ने कांग्रेस और विधायक पर हमले तेज कर दिए हैं।
अब इस मामले में दो अलग-अलग प्राथमिकी और एक-दूसरे के विपरीत आरोप सामने आ चुके हैं। एक तरफ नाबालिग ने विधायक पर गंभीर आरोप लगाए हैं, तो दूसरी तरफ उसकी दादी की शिकायत पर दो लोगों के खिलाफ नाबालिग को अगवा कर दबाव में बयान दिलाने का मामला दर्ज हुआ है।
यह भी पढ़ें – रांची: कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर POCSO केस दर्ज; विधायक ने बताया साजिश