साहिबगंज/बरहेट। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के विधानसभा क्षेत्र बरहेट में झारखंड मुक्ति मोर्चा को राजनीतिक झटका लगा है। झामुमो के वरिष्ठ नेता राजा राम मरांडी अपने सैकड़ों समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। बरहेट विधानसभा क्षेत्र के झबरी में आयोजित मिलन समारोह में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी की मौजूदगी में उन्होंने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
इस मौके पर बाबूलाल मरांडी ने पार्टी में शामिल हुए सभी नए सदस्यों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार से जनता का मोहभंग होता जा रहा है। सरकार की नीतियों और कार्यशैली से निराश होकर लोग बदलाव की उम्मीद में भाजपा से जुड़ रहे हैं। इसकी झलक मुख्यमंत्री के निर्वाचन क्षेत्र बरहेट में भी दिखाई देने लगी है।
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि बरहेट में झामुमो का किला दरकना शुरू हो गया है। राजा राम मरांडी का सैकड़ों समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल होना बदलते राजनीतिक माहौल का संकेत है।
सरकार और पुलिस प्रशासन पर बाबूलाल मरांडी का हमला
बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि झारखंड में गुंडागर्दी चरम पर है और पुलिस प्रशासन सरकार के टूल्स के रूप में काम कर रहा है। आम लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं पर झूठे मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं।
उन्होंने साहिबगंज जिले के बैसभीठा गांव निवासी भाजपा कार्यकर्ता जगन मुर्मू का मामला उठाते हुए आरोप लगाया कि गांव के ही प्रामाणिक मुर्मू ने उन्हें झूठे और मनगढ़ंत मुकदमे में फंसाकर जेल भिजवाया है। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक बताया।
बाबूलाल मरांडी ने पुलिस प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि अधिकारी किसी राजनीतिक दल के पक्षकार बनकर काम न करें। उन्होंने इलाके के थानेदार, पुलिस अधीक्षक और मुख्यमंत्री से अपनी कार्यशैली में सुधार करने तथा लोगों को झूठे मुकदमों में फंसाना बंद करने की बात कही। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसा नहीं होने पर साहिबगंज में जेल जाने वालों का तांता लग जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और भाजपा की विचारधारा से प्रभावित होकर विभिन्न दलों के लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं। भाजपा सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र के साथ झारखंड के विकास तथा जनजातीय समाज के सम्मान और अधिकारों के लिए प्रतिबद्ध है।
झामुमो की विचारधारा से भटकने का राजा राम मरांडी ने लगाया आरोप
भाजपा में शामिल होने के बाद राजा राम मरांडी ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा में लंबे समय तक काम करने के बाद उन्हें महसूस हुआ कि पार्टी अपनी मूल विचारधारा और जनहित के मुद्दों से भटक गई है।
उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार से जनता का मोहभंग हो रहा है। आदिवासी समाज सहित राज्य की आम जनता की उम्मीदों पर सरकार खरी नहीं उतर रही है। उन्होंने भाजपा को मजबूत करने और झारखंड की जनता की आवाज बुलंद करने के लिए पूरी निष्ठा से काम करने का संकल्प जताया।
राजा राम मरांडी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास, सुशासन और गरीब कल्याण के नए आयाम स्थापित कर रहा है। भाजपा की विचारधारा, राष्ट्रहित के प्रति समर्पण और जनसेवा के संकल्प से प्रभावित होकर उन्होंने पार्टी में शामिल होने का निर्णय लिया है।
कई वरिष्ठ भाजपा नेता रहे मौजूद
मिलन समारोह में राजमहल के पूर्व विधायक अनंत ओझा, बोरियो के पूर्व विधायक लोबिन हेम्ब्रम, लिट्टीपाड़ा के पूर्व विधायक दिनेश विलियम मरांडी, सिदो-कान्हू के वंशज मंडल मुर्मू, प्रदेश मंत्री कृष्णा महतो, भाजपा जिला अध्यक्ष सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें – झारखंड कांग्रेस : सत्ता की मलाई, राजनीतिक मजबूरी और 2029 की अग्निपरीक्षा!