नदी पार करने के लिए वार्ड सदस्य के कंधे पर बैठे विधायक, दोनों गिरे; वीडियो वायरल

Anand Kumar
5 Min Read

पलामू: झारखंड के पलामू जिले के विश्रामपुर से एक वीडियो सामने आया है, जिसने राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा छेड़ दी है। विश्रामपुर के विधायक नरेश प्रसाद सिंह नदी पार करने के लिए खुद पानी में उतरकर पैदल चलने के बजाय वार्ड सदस्य मनोज कुमार रवि के कंधे पर बैठ गए। नदी के बीच पहुंचते ही वार्ड सदस्य का संतुलन बिगड़ गया और विधायक समेत दोनों पानी में गिर पड़े। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

इस घटना के बाद विधायक के नदी पार करने के तरीके पर सवाल उठ रहे हैं। खास बात यह है कि जिस गांव में विधायक जा रहे थे, वहां के ग्रामीण लंबे समय से नदी पर पुल निर्माण की मांग कर रहे हैं। बरसात के दिनों में गांव का संपर्क आसपास के इलाकों से कट जाता है और लोगों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

महालक्ष्मी पूजन महोत्सव में शामिल होने जा रहे थे विधायक

जानकारी के मुताबिक, यह घटना सोमवार को पलामू जिले के विश्रामपुर प्रखंड की घासीदाग पंचायत के जमारी गांव जाने के दौरान हुई। गांव में महालक्ष्मी पूजन महोत्सव का आयोजन किया गया था। इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए विधायक नरेश प्रसाद सिंह अपने समर्थकों के साथ जा रहे थे।

गांव तक पहुंचने के रास्ते में धुरिया और झुमरी नदी पड़ती हैं। इन नदियों पर पुल नहीं होने के कारण ग्रामीणों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ता है। विधायक को भी इसी रास्ते से होकर जमारी गांव पहुंचना था।

बताया जा रहा है कि नदी में उस समय करीब डेढ़ से दो फीट पानी था। विधायक ने नदी पार करने के लिए वार्ड सदस्य मनोज कुमार रवि के कंधे का सहारा लिया और उनके कंधे पर बैठ गए।

बीच नदी में बिगड़ा संतुलन, पानी में गिरे विधायक और वार्ड सदस्य

वीडियो में दिखाई देता है कि वार्ड सदस्य मनोज कुमार रवि विधायक को कंधे पर बैठाकर नदी पार करने की कोशिश कर रहे हैं। कुछ दूर आगे बढ़ने के बाद नदी के बीच में उनका संतुलन बिगड़ जाता है। इसके बाद विधायक और वार्ड सदस्य दोनों पानी में गिर पड़ते हैं।

घटना के दौरान विधायक के चप्पल भी एक अन्य व्यक्ति के हाथ में दिखाई देते हैं। पानी में गिरने के बाद दोनों भीग जाते हैं। इसके बाद विधायक खुद पैदल नदी पार करते हैं और महोत्सव में शामिल होने के लिए गांव पहुंचते हैं।

विधायक के तरीके पर उठ रहे सवाल

घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। सबसे अधिक सवाल इस बात को लेकर उठ रहे हैं कि जब नदी में पानी की गहराई करीब डेढ़ से दो फीट बताई जा रही थी, तब विधायक ने खुद पैदल नदी पार करने के बजाय वार्ड सदस्य के कंधे पर बैठना क्यों उचित समझा।

वहीं, इस घटना ने जनप्रतिनिधियों के व्यवहार और आम ग्रामीणों की बुनियादी समस्याओं को लेकर भी चर्चा शुरू कर दी है।

बारिश में टापू बन जाता है जमारी गांव, वर्षों से हो रही पुल की मांग

जमारी गांव के ग्रामीणों के लिए धुरिया और झुमरी नदी बरसात के मौसम में बड़ी परेशानी का कारण बन जाती हैं। बारिश के दौरान नदियों में पानी बढ़ने से गांव का संपर्क दूसरे इलाकों से लगभग कट जाता है।

ग्रामीणों को इलाज, शिक्षा और रोजमर्रा की जरूरतों के लिए नदी पार करनी पड़ती है। सबसे अधिक परेशानी मरीजों, बच्चों और बुजुर्गों को होती है। ग्रामीण लंबे समय से दोनों नदियों पर पुल निर्माण की मांग कर रहे हैं, लेकिन उनकी यह समस्या अब भी बनी हुई है।

विधायक के नदी पार करने का वीडियो सामने आने के बाद एक बार फिर जमारी गांव में पुल निर्माण का मुद्दा चर्चा में आ गया है। अब देखना होगा कि इस घटना के बाद ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग पर कोई ठोस पहल होती है या नहीं।

यह भी पढ़ें – निशा भगत मौत मामले की CBI जांच होगी, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दिए आदेश

Share This Article
Follow:
वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने एम.ए. (इतिहास), बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और एमबीए (मार्केटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। 1996 में 'प्रभात खबर', रांची से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार करियर की शुरुआत करके 'हिन्दुस्तान' और 'अमर उजाला' जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके आनंद कुमार हिन्दुस्तान, जमशेदपुर के स्थानीय संपादक भी रहे हैं। इसके अलावा The Photon News अखबार सहित Lagatar.in तथा Newswing.com जैसे डिजिटल माध्यमों में संपादक पद का दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा आनंद कुमार कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन/जनसंपर्क, प्रबंधन, सरकार/प्रशासन और मीडिया शिक्षण का भी गहन अनुभव रखते हैं। उन्होंने सरयू राय - एक नाम कई आयाम' नामक पुस्तक का संपादन भी किया है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *