गुरुजी के नाम पर अस्पताल और रूपी सोरेन के नाम पर विश्वविद्यालय स्थापित करने का दिया सुझाव
जमशेदपुर। फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के कोल्हान प्रमंडल के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष एवं सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के निवर्तमान अध्यक्ष विजय आनंद मूनका ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से उनके पैतृक गांव नेमरा को विश्वस्तरीय शिक्षा और स्वास्थ्य केंद्र के रूप में विकसित करने का आग्रह किया है।
मूनका ने सुझाव दिया कि स्वर्गीय शिबू सोरेन ‘गुरुजी’ की स्मृति में विश्वस्तरीय अस्पताल और स्वर्गीय रूपी सोरेन की स्मृति में विश्वविद्यालय की स्थापना की जाए। उन्होंने कहा कि इससे झारखंड के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, उच्च शिक्षा और शोध के अवसर मिलेंगे। साथ ही, रोजगार सृजन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिल सकता है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से इस प्रस्ताव पर विचार करने, विशेषज्ञ समिति गठित करने और चरणबद्ध कार्ययोजना तैयार करने की पहल करने का आग्रह किया। मूनका ने कहा कि अस्पताल और विश्वविद्यालय की स्थापना स्वर्गीय गुरुजी एवं रूपी सोरेन के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी और झारखंड के भविष्य में महत्वपूर्ण निवेश साबित हो सकती है
यह भी पढ़ें – जमशेदपुर को महानगरपालिका घोषित करे सरकार : सरयू राय