भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान एवं बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष सौरव गांगुली एवं उनकी पत्नी डोना गांगुली को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी मिली है। धमकी भरे पत्र मिलने के बाद सौरव गांगुली की निजी सचिव तान्या भट्टाचार्य ने कोलकाता के ठाकुरपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, हाल ही में, उन्हें दो पत्र मिले हैं, जिनमें, सौरव गांगुली एवं उनकी पत्नी डोना गांगुली को गंभीर धमकी दी गई है। पत्र सामने आने के बाद गांगुली के परिवार एवं उनके कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बेहद बढ़ चुकी है। धमकी की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दिया है। फिलहाल, यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस धमकी भरे पत्र के पीछे आखिर किसका क्या मकसद है। सौरव गांगुली भारतीय क्रिकेट के सबसे चर्चित चेहरों में से एक हैं।
ऐसे में, उन्हें और उनकी पत्नी को धमकी मिलने की खबर के बाद सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ चुकी है। पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान करने में जुटी हुई है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर ही की जाएगी।