रांची: झारखंड में JPSC-JSSC की कथित भर्ती अनियमितताओं के खिलाफ चल रहे छात्र आंदोलन के बीच शनिवार देर रात राजधानी रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम स्थित धरनास्थल पर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। घटना रात करीब 1:30 बजे की है। उस समय अधिकांश आंदोलनकारी धरनास्थल पर सो रहे थे।
युवक के टावर पर चढ़ते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर धरनास्थल पर सो रहे छात्र भी जाग गए और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग वहां जुट गए। सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई।
यह भी पढ़ें – 425 दिन बाद जेल से बाहर आएंगे IAS विनय चौबे, सुप्रीम कोर्ट से सशर्त जमानत
पत्नी को सरकारी नौकरी नहीं मिलने का लगाया आरोप
टावर पर चढ़े युवक ने अपना नाम हीरालाल बताया। वह बालूमाथ का रहने वाला है। उसने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी को सरकारी नौकरी नहीं मिली, जिससे वह बेहद आहत है। युवक भर्ती प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए सरकारी व्यवस्था के खिलाफ लगातार नाराजगी जताता रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक बार-बार अपनी बात सुने जाने की मांग कर रहा था और काफी देर तक टावर से नीचे उतरने से इनकार करता रहा।
रातभर चला समझाने का प्रयास
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और स्थानीय लोगों ने युवक को शांत कराने की लगातार कोशिश की। पुलिस अधिकारियों ने कई घंटों तक उससे बातचीत की और सुरक्षित नीचे उतरने के लिए समझाया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और भीड़ को नियंत्रित रखा गया।
सुबह सुरक्षित उतारा गया युवक
करीब पूरी रात चले प्रयास के बाद रविवार सुबह पुलिस युवक को सुरक्षित टावर से नीचे उतारने में सफल रही। युवक के सुरक्षित नीचे आने के बाद पुलिस और प्रशासन ने राहत की सांस ली। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।