रांची। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने राज्य के सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं को एक साथ दो बड़ी खुशखबरी दी है। आयोग ने एक ओर उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा-2023 की भर्ती प्रक्रिया को अंतिम चरण में पहुंचा दिया है, वहीं दूसरी ओर इंटरमीडिएट स्तरीय संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2026 के तहत 326 पदों पर नई नियुक्तियों के लिए अधिसूचना जारी कर दी है।
1 जुलाई से होगी मेडिकल जांच
जेएसएससी द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा-2023 की मेधा सूची में शामिल 1,941 अभ्यर्थियों की चिकित्सीय जांच 1 जुलाई से 14 जुलाई 2026 तक रांची स्थित सदर अस्पताल के आठवें तल्ले के ऑडिटोरियम में कराई जाएगी।
मेडिकल जांच पूरी होने के बाद अभ्यर्थियों के शैक्षणिक एवं अन्य प्रमाणपत्रों का सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद आयोग अंतिम परिणाम जारी करेगा, जिससे सफल अभ्यर्थियों की नियुक्ति का मार्ग प्रशस्त हो जाएगा।
यह भी पढ़ें – कोई पात्र मतदाता SIR में नहीं छूटेगा, कोई अपात्र नहीं जुड़ेगा : मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी
326 पदों पर नई भर्ती
इस बीच आयोग ने झारखंड इंटरमीडिएट स्तरीय संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2026 की अधिसूचना भी जारी कर दी है। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 326 रिक्त पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
इन पदों में शामिल हैं—
- स्वास्थ्य पर्यवेक्षक
- बहुद्देश्यीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता
- कनीय क्षेत्रीय अन्वेषक
- वेटरीनरी सहायक/चिकित्सा सहायक
- कीट संग्रहकर्ता
- मात्स्यिकी तकनीकी सहायक
आयोग के अनुसार कुल पदों में 16 पद महिलाओं तथा 7 पद खिलाड़ियों के लिए आरक्षित किए गए हैं।
20 जुलाई से शुरू होंगे आवेदन
इच्छुक अभ्यर्थी 20 जुलाई 2026 से 19 अगस्त 2026 तक आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
यदि आवेदन पत्र में किसी प्रकार की त्रुटि रह जाती है तो आयोग ने अभ्यर्थियों को 21 अगस्त से 23 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन संशोधन का अवसर भी दिया है।
युवाओं के लिए राहत
पिछले कुछ वर्षों से भर्ती परीक्षाओं में देरी और विवादों के कारण परेशान रहे झारखंड के युवाओं के लिए आयोग की ये दोनों घोषणाएं राहत भरी मानी जा रही हैं। एक ओर लंबे समय से प्रतीक्षित उत्पाद सिपाही भर्ती अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है, वहीं दूसरी ओर 326 नए पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू होने से इंटरमीडिएट उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के लिए सरकारी नौकरी का नया अवसर खुल गया है।
यह भी पढ़ें – डॉ राजकुमार के पत्र की जांच कराएं मुख्यमंत्री, रिम्स में सरकारी दखल से बिगड़ रही व्यवस्था : सरयू राय