Ranchi : झारखंड के चतरा जिले से बड़ी दुर्घटना की खबर है। रांची से दिल्ली के लिए रवाना हुई एक निजी एयर एंबुलेंस सिमरिया थाना क्षेत्र के खसियातु करम टांड जंगल में क्रैश हो गई। पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल ने घटना की पुष्टि की है और बताया है कि राहत एवं बचाव अभियान तत्काल शुरू कर दिया गया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विमान ने शाम 7:11 बजे रांची से उड़ान भरी थी, लेकिन लगभग 23 मिनट बाद रडार से संपर्क टूट गया। बाद में संभावित लोकेशन सिमरिया के वन क्षेत्र में सामने आई, जहां मलबा मिलने की सूचना है। संबंधित एजेंसियों ने रेस्क्यू कोऑर्डिनेशन सेंटर (RCC) को सक्रिय कर दिया है।

यह भी पढ़ें – निकाय चुनाव के बाद सियासी दावे तेज : जेएमएम ने जीत का भरोसा जताया, भाजपा को मतगणना में धांधली की आशंका
विमान और उड़ान संबंधी विवरण
कंपनी: RAPL (प्रारंभिक जानकारी के अनुसार)
विमान प्रकार: Beechcraft BE9L (निजी एयर एंबुलेंस)
पंजीकरण संख्या: VT-AJV
उड़ान मार्ग: रांची से दिल्ली
उड़ान समय: शाम 7:11 बजे प्रस्थान
संपर्क विच्छेद: लगभग 23 मिनट बाद

विमान में सवार लोग
उपलब्ध जानकारी के मुताबिक विमान में कुल सात लोग सवार थे:
- कैप्टन विवेक विकास भगत (पायलट)
- कैप्टन सवराजदीप सिंह (सह-पायलट)
- डॉ. विकास कुमार गुप्ता (डॉक्टर)
- सचिन/सचिव कुमार मिश्रा (पैरामेडिक)
- संजय कुमार (मरीज)
- अर्चना देवी (अटेंडेंट)
- ध्रुव कुमार (अटेंडेंट)
सूत्रों के अनुसार मरीज संजय कुमार गंभीर रूप से झुलस गए थे। उन्हें रांची के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। करीब 65 फीसदी जले संजय कुमार को डॉक्टरों ने हायर सेंटर ले जाने की सलाह दी थी। इसके बाद उन्हें एयर एंबुलेंस से ले जाया जा रहा था। यात्रियों की स्थिति को लेकर आधिकारिक ब्योरा जारी किया जाना बाकी है।
स्वास्थ्य मंत्री की प्रतिक्रिया
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक संसाधन लगाने और त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्राथमिकता सभी यात्रियों की सुरक्षित बरामदगी है और राज्य सरकार स्थिति पर गंभीरता से नजर बनाए हुए है।
इसे भी पढ़ें – ललमटिया में बड़ा हादसा: 40 फीट नीचे ट्रैक पर गिरा हाइवा, चालक-उपचालक घायल