धोनी बनेंगे झारखंड टूरिज्म के ब्रांड एंबेसेडर, हो रही MoU की तेैयारी

Anand Kumar
3 Min Read
खेल मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के साथ धौनी

Ranchi : झारखंड के प्राकृतिक सौंदर्य को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने झारखंड पर्यटन विभाग के ब्रांड एंबेसेडर बनने पर अपनी सहमति दे दी है। कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद धौनी झारखंड के प्रमुख पर्यटन स्थलों का प्रचार करते नजर आएंगे।

वेबसाइट स्पोर्ट्सझारखंड.कॉम के अनुसार धौनी की ब्रांड वैल्यू के उपयोग को लेकर “मैडास” की अनुशंसा पर एक प्रोडक्शन एजेंसी को नामांकन आधार पर कार्य सौंपने की रूपरेखा तैयार की जा रही है। मैडास धोनी की ब्रांडिंग का काम देखता है। इस संबंध में प्रस्ताव को कैबिनेट से स्वीकृति दिलाने के लिए JTDC और संबंधित विभागों ने प्रक्रिया तेज कर दी है।

ब्रांडिंग व्यवस्था के तहत महेंद्र सिंह धोनी और राज्य सरकार के बीच एक MoU किया जाना है। इसका प्रारूप “मैडास” द्वारा कई महीने पहले सरकार को उपलब्ध कराया जा चुका है। प्रस्तावित शर्तों के अनुसार धोनी इस अभियान के लिए कोई पारिश्रमिक नहीं लेंगे, जबकि चयनित प्रोडक्शन एजेंसी को करीब चार करोड़ रुपये का भुगतान किया जाएगा।

कार्ययोजना के मुताबिक, प्रोडक्शन एजेंसी के माध्यम से मुंबई में एक दिन की शूटिंग प्रस्तावित है। शूटिंग के बाद VFX तकनीक के जरिए अंतिम पोस्ट-प्रोडक्शन कर प्रचार सामग्री को तैयार किया जाएगा।

झारखंड के पर्यटन, खेल एवं युवा मामलों के मंत्री मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि धौनी का जुड़ना राज्य के लिए अहम साबित होगा।

मंत्री ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि खेल और पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महेंद्र सिंह धौनी का सहयोग राज्य सरकार के लिए महत्वपूर्ण रहेगा और उनका अनुभव विकास को गति देगा।

पहले भी झारखंड सरकार के लिए कर चुके हैं ब्रांडिंग

यह पहला मौका नहीं है जब महेंद्र सिंह धौनी झारखंड सरकार के किसी विभाग से जुड़े हों। इससे पहले अर्जुन मुंडा के कार्यकाल में वे झारखंड सरकार के वन एवं पर्यावरण विभाग के लिए ब्रांडिंग गतिविधियों से जुड़े रहे हैं।

सरकार को उम्मीद है कि धौनी के ब्रांड एंबेसेडर बनने से झारखंड के जलप्रपात, वन क्षेत्र, धार्मिक और साहसिक पर्यटन स्थलों को देश-विदेश में व्यापक पहचान मिलेगी।

Share This Article
Follow:
वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने एम.ए. (इतिहास), बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और एमबीए (मार्केटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। 1996 में 'प्रभात खबर', रांची से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार करियर की शुरुआत करके 'हिन्दुस्तान' और 'अमर उजाला' जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके आनंद कुमार हिन्दुस्तान, जमशेदपुर के स्थानीय संपादक भी रहे हैं। इसके अलावा The Photon News अखबार सहित Lagatar.in तथा Newswing.com जैसे डिजिटल माध्यमों में संपादक पद का दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा आनंद कुमार कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन/जनसंपर्क, प्रबंधन, सरकार/प्रशासन और मीडिया शिक्षण का भी गहन अनुभव रखते हैं। उन्होंने सरयू राय - एक नाम कई आयाम' नामक पुस्तक का संपादन भी किया है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *