पलामू में दामाद का खूनी तांडव, ससुर की हत्या, पत्नी और साली गंभीर

Anand Kumar
3 Min Read

Palamu : पलामू जिले में 29 जनवरी की रात पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। छतरपुर थाना क्षेत्र के लठैया पंचायत अंतर्गत गम्हरिया गांव में एक दामाद ने चाकू से हमला कर अपने ससुर की हत्या कर दी, जबकि पत्नी और साली को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

पत्नी को मायके से ले जाने को लेकर हुआ विवाद

मृतक की पहचान सुनील यादव के रूप में की गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी लवकुश यादव बाहर के राज्य में काम करता था और गुरुवार को ही ट्रेन से जपला रेलवे स्टेशन पहुंचा था। वहां से वह सीधे अपने ससुराल गम्हरिया गांव आया और पत्नी को अपने साथ ले जाने का दबाव बनाने लगा। पत्नी के इनकार करने पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते लवकुश गुस्से में आपा खो बैठा।

बीच-बचाव करने पर ससुर को मारा चाकू

आपे से बाहर आरोपी ने पहले अपनी पत्नी रीता देवी (23) पर चाकू से हमला कर दिया। पत्नी को बचाने आए ससुर सुनील यादव ने जब बीच-बचाव की कोशिश की, तो आरोपी ने उनके पेट में चाकू घोंप दिया। इसी दौरान साली कविता कुमारी भी मौके पर पहुंची और पिता व बहन को बचाने का प्रयास किया, जिस पर लवकुश ने उस पर भी चाकू से वार कर दिया।

मौके पर ही ससुर की मौत, आरोपी फरार

चाकू लगने से गंभीर रूप से घायल सुनील यादव की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस रात में ही घटनास्थल पर पहुंची। घायल रीता देवी और कविता कुमारी को इलाज के लिए मेदिनीनगर स्थित मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

इसे भी पढ़ें – गिरिडीह के बगोदर में युवती का अधजला शव बरामद, इलाके में दहशत

तीन साल पहले हुई थी शादी, रिश्तों में पहले से तनाव

जानकारी के अनुसार, लवकुश यादव की शादी करीब तीन साल पहले गम्हरिया गांव निवासी सुनील यादव की बेटी रीता देवी से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही पति-पत्नी के रिश्तों में तनाव चल रहा था। लवकुश दूसरे राज्य में काम करता था, जबकि रीता अपने डेढ़ साल के बच्चे के साथ मायके में रह रही थी।

फिलहाल पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है और पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

कोडरमा : शादी के 10 दिन पहले लापता युवक का कंकाल घर के पास कुएं से मिला

Share This Article
Follow:
वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने एम.ए. (इतिहास), बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और एमबीए (मार्केटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। 1996 में 'प्रभात खबर', रांची से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार करियर की शुरुआत करके 'हिन्दुस्तान' और 'अमर उजाला' जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके आनंद कुमार हिन्दुस्तान, जमशेदपुर के स्थानीय संपादक भी रहे हैं। इसके अलावा The Photon News अखबार सहित Lagatar.in तथा Newswing.com जैसे डिजिटल माध्यमों में संपादक पद का दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा आनंद कुमार कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन/जनसंपर्क, प्रबंधन, सरकार/प्रशासन और मीडिया शिक्षण का भी गहन अनुभव रखते हैं। उन्होंने सरयू राय - एक नाम कई आयाम' नामक पुस्तक का संपादन भी किया है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *