कोडरमा : शादी के 10 दिन पहले लापता युवक का कंकाल घर के पास कुएं से मिला

Anand Kumar
4 Min Read

पूरी हो चुकी थीं शादी की तैयारियां, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

Koderma : कोडरमा जिले में 72 दिनों से लापता दर्शील बर्णवाल उर्फ सोनू के शव का शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराया गया। गुरुवार शाम चंदवारा प्रखंड में एक कुएं से दर्शील का कंकाल बरामद होने के बाद से ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। परिजन इसे सुनियोजित हत्या बता रहे हैं, जबकि पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है।

शादी से 10 दिन पहले हुआ था लापता

दर्शील बर्णवाल अपनी शादी से महज 10 दिन पहले अचानक लापता हो गया था। उसकी शादी 29 नवंबर को कोडरमा प्रखंड के बेकोबार गांव में तय थी। परिजनों के अनुसार शादी की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। दूल्हे की शेरवानी, सेहरा और दुल्हन के लिए श्रृंगार का सामान तक खरीदा जा चुका था। घर में उत्सव का माहौल था, जो अचानक मातम में बदल गया।

मां का रो-रोकर बुरा हाल, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

दर्शील की मां विमला देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। उनका कहना है कि बेटा अब लौटकर नहीं आएगा, लेकिन जिसने भी उसे इस हालत तक पहुंचाया है, उसे कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
दर्शील की चाची सुषमा देवी ने कहा कि पूरा परिवार शादी की तैयारियों में जुटा था, लेकिन किसी ने उसकी हत्या कर शव कुएं में फेंक दिया।

100 मीटर दूर कुएं से मिला शव

हैरान करने वाली बात यह है कि दर्शील का शव उसके घर से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित एक कुएं से बरामद किया गया। इतने लंबे समय तक घर के पास ही शव का होना कई सवाल खड़े कर रहा है। परिजन और स्थानीय लोग मामले में गहरी साजिश की आशंका जता रहे हैं।

परचून दुकान चलाता था दर्शील

दर्शील अपने पिता और बड़े भाई के साथ मिलकर परचून की दुकान चलाता था। परिवार की आर्थिक स्थिति सामान्य थी। उसकी मां गृहणी हैं और छोटा भाई विवान हजारीबाग में रहकर पढ़ाई करता है। भाई के लापता होने के बाद विवान भी घर लौट आया था और हर दिन इस उम्मीद में था कि शायद उसका भाई वापस आ जाएगा। लेकिन 72 दिनों बाद शव मिलने से वह पूरी तरह टूट चुका है।

SIT का गठन, फिर भी नहीं बच सकी जान

दर्शील के लापता होने के बाद चंदवारा थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। एसपी के निर्देश पर विशेष जांच दल (SIT) का गठन भी किया गया था। पुलिस के साथ-साथ सामाजिक संगठनों और राजनीतिक दलों ने भी उसकी तलाश को लेकर जन आंदोलन और रैलियां की थीं। बावजूद इसके, 72 दिनों बाद उसका शव घर के पास ही मिलने से पुलिस जांच पर भी सवाल उठने लगे हैं।

फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के कारणों की पुष्टि और आगे की कार्रवाई की बात कह रही है।


बोकारो स्टील सिटी कॉलेज के पास झाड़ियों में महिला का शव, सिर कुचलकर हत्या की आशंका

Share This Article
Follow:
वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने एम.ए. (इतिहास), बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और एमबीए (मार्केटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। 1996 में 'प्रभात खबर', रांची से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार करियर की शुरुआत करके 'हिन्दुस्तान' और 'अमर उजाला' जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके आनंद कुमार हिन्दुस्तान, जमशेदपुर के स्थानीय संपादक भी रहे हैं। इसके अलावा The Photon News अखबार सहित Lagatar.in तथा Newswing.com जैसे डिजिटल माध्यमों में संपादक पद का दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा आनंद कुमार कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन/जनसंपर्क, प्रबंधन, सरकार/प्रशासन और मीडिया शिक्षण का भी गहन अनुभव रखते हैं। उन्होंने सरयू राय - एक नाम कई आयाम' नामक पुस्तक का संपादन भी किया है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *