Gumla : झारखंड के गुमला जिले के सिसई प्रखंड अंतर्गत पुसो थाना क्षेत्र में सोमवार शाम दर्दनाक सड़क हादसे में तीन किशोरों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा सुरसा कोठारी गांव के पास कोठारी बाजार के नजदीक हुआ, जहां एक ही बाइक पर सवार तीनों किशोर बिना हेलमेट के अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गए।
मृतकों की पहचान लोहरदगा जिले के भंडारा थाना क्षेत्र स्थित मलंग टोली गांव निवासी अमन उरांव (15), मुन्ना उरांव (16) और सहदेव उरांव (16) के रूप में हुई है। तीनों किशोर आपस में दोस्त थे और एक ही गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
शिबू सोरेन की बहन का दो टूक : उनका योगदान पद्म भूषण तक सीमित नहीं, भारत रत्न मिले
शादी समारोह से लौटते वक्त हुआ हादसा
पुसो थाना के एसआई राखो हरि महतो के अनुसार, मृतक के परिजन बबलू उरांव ने पुलिस को बताया कि तीनों किशोर सोमवार शाम सुरसा कोठारी गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। समारोह से लौटते समय कोठारी बाजार के पास उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे सड़क किनारे लगे पेड़ से जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे गए शव
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मंगलवार को तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
इस हादसे के बाद मृतकों के गांव मलंग टोली सहित आसपास के इलाकों में शोक का माहौल है। एक ही गांव के तीन किशोरों की एक साथ मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
वर्दी में पत्नी संग रील बनाना पड़ा महंगा, हुसैनाबाद थाना प्रभारी सोनू चौधरी पर बैठी जांच