भीड़ हिंसा से जनसंस्कृति तक : सफ़दर हाशमी की याद

Anand Kumar
3 Min Read

श्रीनिवास
कांग्रेस के दामन पर लगे अनेक काले धब्बों में एक लेखक- कवि- पत्रकार, रंगकर्मी और समाजकर्मी सफ़दर हाशमी की भीड़ हिंसा में हुई मौत (जो हत्या ही थी) भी है। कांग्रेस संगठन ने बाकायदा योजना बना कर उस घटना को अंजाम दिया था, यह तो नहीं कहा जा सकता, मगर उन पर हमला करने वाले कांग्रेसी गुंडे थे, यह तय है। शासन कांग्रेस का था; राजीव गांधी प्रधानमंत्री थे और हत्या राजधानी दिल्ली से कुछ दूर साहिबाबाद (उप्र) में हुई थी, जो राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में पड़ता है।

एक जनवरी 1989 को नुक्कड़ नाटक करते हुए सफ़दर हाशमी पर गुंडों ने हमला किया। माना जाता है कि गुंडे कांग्रेस के थे। उस घटना के 14 साल बाद गाजियाबाद की एक अदालत ने 10 लोगों को हत्या के मामले में आरोपी करार दिया, उनमें कांग्रेस के सदस्य ‘मुकेश शर्मा’ का भी नाम शामिल था।

Politics : रघुवर दास और झारखंड भाजपा : वापसी की उम्मीद या मार्गदर्शक मंडल की पटकथा?

उस हमले में बुरी तरह जख्मी सफ़दर की अगले दिन दो जनवरी को मौत हो गयी। मुझे लगता है, सफ़दर आज जिंदा होते तो दूसरे ब्रांड के गुंडे उनकी हत्या कर देते। इसलिए भी कि उन्होंने एक और ‘अक्षम्य’ अपराध किया था- ‘लव जिहाद’; साथी रंगकर्मी मल्यश्री से विवाह। सफ़दर जिस किस्म का लेखन, राजनीति और नाटक करते थे, वह तब भी सत्ता प्रतिष्ठान को चुभता था; आज और भी ज्यादा। अब तो राजधानी में उस तरह के नुक्कड़ नाटक करने की अनुमति भी शायद ही मिले। ऊपर से उनका नाम- सफ़दर- भी अपने आप में आज की सत्ताधारी जमात के लिए उनके ‘दुश्मन’ होने का ‘प्रमाण’ है। वैसे भी जिसे देश का विकास न दिखता हो और जो ‘पढ़ना-लिखना सीखो ओ मेहनत करने वालो, पढ़ना-लिखना सीखो ओ भूख से मरने वालो… क ख ग घ को पहचानो/ अलिफ़ को पढ़ना सीखो/ अ आ इ ई को हथियार/ बना कर लड़ना सीखो…’ जैसी कविताएं लिखता हो, उस पर जनता को विद्रोह के लिए उकसाने का आरोप लग ही सकता है!
यह भी याद किया जाये कि सफ़दर हाशमी की मौत के दो दिन बाद 4 जनवरी 1989 को मल्यश्री हाशमी, ‘जनम’ की टोली के साथ उस स्थान पर वापिस लौटीं और अधूरे छूट गये नाटक को खत्म किया था।

वंचितों की आवाज सफ़दर हाशमी को सलाम। सफ़दर जिंदा है- जब तक समाज में विवेक जिंदा है, सम्मान और बराबरी से जीने की लालसा जिंदा है, सफ़दर को जिंदा रहना और हमें उसे जिंदा रखना होगा।

Disclaimer : यह लेखक के अपने विचार हैं।

Share This Article
Follow:
वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने एम.ए. (इतिहास), बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और एमबीए (मार्केटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। 1996 में 'प्रभात खबर', रांची से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार करियर की शुरुआत करके 'हिन्दुस्तान' और 'अमर उजाला' जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके आनंद कुमार हिन्दुस्तान, जमशेदपुर के स्थानीय संपादक भी रहे हैं। इसके अलावा The Photon News अखबार सहित Lagatar.in तथा Newswing.com जैसे डिजिटल माध्यमों में संपादक पद का दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा आनंद कुमार कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन/जनसंपर्क, प्रबंधन, सरकार/प्रशासन और मीडिया शिक्षण का भी गहन अनुभव रखते हैं। उन्होंने सरयू राय - एक नाम कई आयाम' नामक पुस्तक का संपादन भी किया है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *